चुनाव आयोग दिल्ली चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर चुका है। इस बाबात आयोग ने दिल्ली चुनाव अधिकारियों व पुलिस अधिकारियों के संग भी बैठक की। जानकारी के मुताबिक उप चुनाव आयुक्त विनोद जुत्शी ने बुधवार को दिल्ली चुनाव की तैयारियों का जायजा भी ले लिया है।
जानकारी के अनुसार आयोग फरवरी के पहले हफ्ते में दिल्ली में विधानसभा चुनाव कराना चाहता है। सूत्रों के मुताबिक मतदान एक ही चरण में पूरे कर लिए जाएंगे। बुधवार को हुई बैठक में दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी चंद्रभूषण के अलावा कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। बैठक के बाद चुनाव अधिकारियों ने पुलिस को भी चुनावों के लिए तैयार रहने को कहा।
जानकारी के अनुसार आयोग जनवरी के अंतिम सप्ताह में ही चुनाव कराने की तैयारी में था, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने 26 जनवरी पर अमेरिकी राष्ट्रपति के भारत दौरे को लेकर तारीखें आगे बढ़ाने को कहा। इसके बाद अयोग ने बराक के जाने के बाद किसी भी दिन चुनाव कराने के संकेत दिए।
शुक्रवार होगी तारीखों की घोषणा!
चुनाव आयोग शुक्रवार को मतदान की तारीखों पर आखिरी फैसला ले सकता है। इसी के मद्देनजर आयोग ने शुक्रवार को फिर से बैठक बुलाई है। आपको बता दें कि चुनाव की तारीखों की घोषणा होते ही दिल्ली में आचार संहिता लागू हो जाएगी।
आयोग के सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को घोषणा न होने की स्थिति में 30 दिसंबर से पहले हर हाल में ये घोषणा कर दी जाएगी। गौरतलब है कि दिल्ली में बीते 4 नवंबर को विधानसभा भंग कर दी गई थी और राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया था। नियम के अनुसार राष्ट्रपति शासन लागू होने के 6 महीने के अंदर चुनाव कराना आवश्यक होता है।
मतदाता जागरूकता अभियान भी चलाएं : आयोग
दिल्ली में संभावित विधानसभा चुनाव को देखते हुए बुधवार को चुनाव आयोग में उपचुनाव आयुक्त विनोद जुत्सी ने दिल्ली के चुनाव अधिकारियों के साथ तैयारियों को लेकर बैठक की।
आयोग ने दिल्ली चुनाव अधिकारियों से 5 जनवरी को जारी होने वाले अंतिम मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाने को कहा। साथ ही कहा कि किसी भी तरह की शिकायतें आने पर जांच के बाद ही कार्रवाई की जाए।
चुनाव तैयारियों के साथ मतदान के लिए मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जाएं। जुत्सी ने मौजूद पुलिस अधिकारियों से संवेदनशील इलाकों की मैपिंग करने व सुरक्षा प्लान बनाने का भी निर्देश दिया।