24 घंटे की जा रही चेंकिग
दिल्ली पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली के सभी छोटे-बड़े बॉर्डर पर 162 जगह नाकेबंदी कर 24 घंटे चेकिंग की जा रही है। चेकिंग के बाद ही वाहनों व संदिग्ध लोगों को दिल्ली में प्रवेश दिया जा रहा है। पुलिस ने सोमवार शाम तक अर्धसैनिक बलों की 175 कंपनियों को दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था के लिए उतार दिया है। गृहमंत्रालय से अर्धसैनिक बलों की 250 कंपनियां मांगी गई हैं। नकदी की आवाजाही व शराब की तस्करी को रोकने के लिए दिल्ली में जगह-जगह पिकेट लगाकर चेकिंग शुरू कर दी गई है। इसके अलावा राजनीतिक पार्टियों को जनसभा व रैली आदि की अनुमति पहले आओ व पहले पाओ के आधार पर मिल रही है। आशंका है कि पड़ोसी राज्यों से अपराधी व शरारती तत्व दिल्ली में आकर चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं। ये भी आशंका है कि अपराधियों के साथ शरारती तत्व शराब आदि लगाकर भी मतदाताओं को लुभा सकते हैं। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने अभी से ही दिल्ली की सभी 150 सीमाओं को सील कर दिया है।
पहले आओ पहले पाओ के आधार पर मिल रही है अनुमति
दिल्ली पुलिस इलेक्शन सेल के अनुसार राजनीतिक पार्टियों को पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर रैली व जनसभा आदि की अनुमति मिलेगी। इलेक्शन सेल के अनुसर रैली या किसी तरह के कार्यक्रम के लिए 24 घंटे पहले अनुमति लेना आवश्यक है। अगर कोई राजनीतिक पार्टी बिना अनुमति के रैली आदि करती है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर चुनाव आयोग को सूचना दी जाएगी।
13 एसीपी तैनात किए गए अनुमति के लिए
इलेक्शन सेल के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रैली व जनसभा के लिए दिल्ली के सभी 11 रेवेन्यू जिलों में दिल्ली पुलिस के 11 सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) स्तर के पुलिस अधिकारी तैनात किए हैं। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस के दो एसीपी चुनाव आयोग में तैनात किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने सभी एसीपी की सूची जारी कर दी है।
सभी कॉलेजों पर नाकेबंदी कर दी गई है। सभी बॉर्डरों पर 24 घंटे नजर रखी जा रही हैं। पूरी तरह से चेकिंग के बाद ही वाहनों को दिल्ली में प्रवेश दिया जा रहा है। -सुरेंद्र चौधरी, पुलिस उपायुक्त, दक्षिण-पश्चिमी जिला, दिल्ली पुलिस