आप नेता मनीष सिसोदिया, मुख्यमंत्री आतिशी और दुर्गेश पाठक ने आरोप लगाया कि कालकाजी, जंगपुरा और राजेंद्र नगर विधानसभा में सोमवार की रात भाजपा के लोगों ने आचार संहिता का उल्लंघन किया। इन्हें कैमरों में कैद करने वालों के साथ मारपीट की घटना हुई। शिकायत करने पर मुख्यमंत्री के खिलाफ ही पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग भाजपा की मदद कर रहे हैं। मनीष सिसोदिया ने कहा कि चुनाव आयोग को पूरे देश में सराहा जाता था। लेकिन मौजूदा समय में चुनाव आयोग भाजपा के लिए काम कर रहा है। दिल्ली में निष्पक्ष चुनाव नहीं हो रहे। भाजपा ने दिल्ली में पैसे, सामान बाटे। झुग्गियों में जाकर लोगों को परेशान किया।
परेशान कर रहे भाजपा प्रत्याशी
आतिशी ने कहा कि सोमवार को शाम 6 बजे से चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद साइलेंस पीरियड की शुरुआत हो गई। लेकिन भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी की टीम जेजे क्लस्टर में घूम रहे थे। उनकी तस्वीर व दूसरी जानकारी रिटर्निंग ऑफिसर और डीसीपी को दी गई लेकिन संबंधित व्यक्ति पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। एक दूसरी गाड़ी में रमेश बिधूड़ी के लोग नव जीवन कैंप और नेहरू कैंप की झुग्गियों के आसपास घूम रहे थे। इनकी जीपीएस टैग वाली तस्वीरें हैं।
आतिशी ने कहा कि हमने इस लोकेशन पर चुनाव आयोग को बुलाया। रिटर्निंग ऑफिसर से शिकायत की। फ्लाइंग स्क्वॉड और पुलिस को भी बुलाया। लेकिन जब वहां एसएचओ पहुंचे। तो संबंधित व्यक्ति वहां आसानी से चला गया। वहीं पुलिस ने दो अन्य लोगों के साथ मारपीट की। उन लड़कों को बिना किसी शिकायत या एफआईआर के रात 1 से सुबह 6 तक पुलिस थाने में रखा गया।