फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Assembly Election: दिल्ली के चुनावी मैदान में 699 सियासी सूरमा, नई दिल्ली सीट पर सबसे अधिक 'खिलाड़ी'

Tue, 21 Jan 2025 03:57 AM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Delhi Assembly Election 2025: नई दिल्ली विधान सभा में उम्मीदवारों की संख्या सबसे ज्यादा है। आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल के विधानसभा क्षेत्र में 23 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। 
विज्ञापन
दिल्ली विधानसभा चुनाव में 699 उम्मीदवार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली के सियासी रण की बिसात बिछ गई है। मैदान में अब 699 खिलाड़ी बचे हैं। 23 सियासी सूरमा के साथ सबसे बड़ी जंग नई दिल्ली सीट पर लड़ी जाएगी। वहीं, कस्तूरबा नगर और पटेल नगर से पांच-पांच उम्मीदवार मैदान में हैं। दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनाव में सोमवार को नामांकन वापसी का आखिरी दिन था। सोमवार को 20 उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस लिया। अब चुनावी मैदान में 699 प्रत्याशी बचे हैं। देर रात तक उम्मीदवारों की गणना हुई।

विज्ञापन


नई दिल्ली विधान सभा में उम्मीदवारों की संख्या सबसे ज्यादा है। आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल के विधानसभा क्षेत्र में 23 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए। इसमें चार महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। वहीं, भाजपा से प्रवेश वर्मा व कांग्रेस से संदीप दीक्षित मैदान में हैं। जनकपुरी में 16 उम्मीदवार हैं।

इन दोनों विधानसभा में दो-दो ईवीएम का इस्तेमाल होगा। वहीं, कस्तूरबा नगर विधानसभा में आप, भाजपा, कांग्रेस व बसपा और एक निर्दलीय उम्मीदवार ही मैदान में है। पटेल नगर में भी आप, कांग्रेस, भाजपा, बीएसपी और एक अन्य छोटी पार्टी के उम्मीदवार मैदान में हैं। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि 18 जनवरी को देर रात तक नामांकन पत्रों की जांच की गई। 1522 नामांकन पत्रों में से 719 नामांकन पत्र वैध पाए गए। सोमवार को नामांकन वापस लेने के दिन 20 नामांकन वापस लिए गए। लिहाजा चुनावी मैदान 699 प्रत्याशी बचे हैं।

इस बार पिछले चुनाव से अधिक हैं उम्मीदवार
इस बार के चुनाव में 2020 के चुनाव की तुलना में उम्मीदवार को संख्या बढ़ी हैं। बीते विधानसभा चुनाव में कुल उम्मीदवारों की संख्या 672 थी। इस बार यह संख्या 699 हैं। वहीं नई दिल्ली विधानसभा सीट पर पिछले विधानसभा चुनाव में भी सबसे अधिक 28 उम्मीदवारों ने ताल ठोंकी थी।

सी-विजिल एप के जरिये दर्ज कराएं आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत
विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों की घोषणा के बाद राजनीतिक पार्टियों ने प्रचार तेज कर दिया है। इससे आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की संभावना बढ़ गई है। चुनाव आयोग ने मतदाताओं को इसकी शिकायत करने के लिए सी-विजल एप नामक एक हथियार सौंपा है। मतदाता आदर्श आचार संहिता और मतदान के दौरान होने वाली गड़बड़ी की शिकायत कर सकते हैं। शिकायत पर 100 मिनट के अंदर कार्रवाई की जाएगी। एप में धनराशि वितरण, गिफ्ट व कूपन वितरण, पैसा बांटने के लिए कूपन का वितरण, महिलाओं को साड़ी बांटने सहित अन्य प्रकार के प्रलोभन देने की शिकायत की जा सकती है।
विज्ञापन

96 प्रत्याशियों के खिलाफ दर्ज हैं केस
विधानसभा चुनाव में नामांकन करने वाले 96 प्रत्याशियों के खिलाफ केस दर्ज हैं। नामांकन में इन प्रत्याशियों की तरफ से दी गई सूचना के आधार पर चुनाव आयोग ने यह सूचना सार्वजनिक की है। यह प्रत्याशी भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी, कांग्रेस के साथ निर्दलीय भी हैं। दर्ज केस मुख्य तौर पर धमकी देने, ड्यूटी पर मौजूद सरकारी कर्मचारी से मारपीट या धमकी, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत अन्य मामलों में हैं। आंकड़ों पर गौर करें तो इसमें एआईएमआईएम का एक, आप के 33, भाजपा के 15, कांग्रेस के 18 प्रत्याशी शामिल हैं, बाकी निर्दलीय व अन्य दलों के हैं। यह जानकारी आयोग की तरफ से नो योर कैंडिडेट एप पर साझा की गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें