सत्येंद्र जैन दिल्ली की वर्तमान सरकार में स्वास्थ्य मंत्री का पदभार संभाल रहे हैं। 2015 के विधानसभा चुनाव में वो शकूर बस्ती से विधायक चुने गए थे। इससे पहले 2013 के चुनावों में भी उन्होंने आप के टिकट पर शकूर बस्ती विधानसभा से जीत हासिल की थी।
49 वर्षीय आप नेता सत्येंद्र जैन के खिलाफ अबतक किसी भी तरह के आपराधिक मामले दर्ज नहीं हैं। आर्थिक रूप से देखा जाए तो सत्येंद्र जैन करीब 7 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं, जबकि उनके उपर करीब एक करोड़ रुपए का कर्ज है।
हाल ही में शुंगलू समिति की रिपोर्ट में सत्येंद्र जैन के खिलाफ वंशवाद और प्रक्रियात्मक कदाचार का आरोप लगाया गया था। ये आरोप आम आदमी पार्टी की स्वास्थ्य सेवाओं में जैन की बेटी की सेवा लेने को लेकर लगाए गए थे। इसपर आम आदमी पार्टी ने कहा था कि यह आरोप स्वास्थ के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को बाधित करने के लिए लगाए गए हैं। हालांकि बाद में सीबीआई ने जांच में पाया कि जैन की बेटी अवैतनिक रूप से पार्टी के लिए काम करती है और उनके द्वारा किसी भी सरकारी संसाधन का इस्तेमाल नहीं किया जाता है।
केजरीवाल सरकार की वाहवाही करवाने वाले मोहल्ला क्लीनिक के संकल्पना के पीछे भी सत्येंद्र जैन का ही हाथ है। यही कुछ कारण हैं जिनके कारण आर्किटेक्चर के क्षेत्र से राजनीति में आने वाले सत्येंद्र जैन आज की तारीख में दिल्ली के एक स्थापित नेता बन चुके हैं।