दिल्ली विधानसभा चुनाव के घमासान के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में उन्होंने भाजपा और कांग्रेस के समर्थकों से आम आदमी पार्टी को वोट देने की अपील की है।
वीडियो में केजीराल कह रहे हैं कि क्या आप भाजपा समर्थक हैं, मैं आपको आपकी पार्टी छोड़कर आम आदमी पार्टी में आने के लिए नहीं कहूंगा। आप अपनी पार्टी में ही रहें। पर इस बार वोट झाड़ू को दे देना। आप पूछेंगे क्यों? क्योंकि आप भी मानते हैं कि दिल्ली के स्कूल और अस्पताल पहले कितने खराब थे। पिछले पांच साल में हमने इनको ठीक किया है। इसके लिए बहुत मेहनत की है हमने, बहुत ज्यादा।
आगे केजरीवाल कहते हैं कि मैं किसी भी पार्टी की बुराई नहीं करना चाहता, पर आप ये तो मानते हैं होंगे कि 70 सालों में किसी भी पार्टी की सरकार ने अस्पताल, बिजली-पानी की तरफ ध्यान ही नहीं दिया। पहली बार किसी सरकार ने इसपर ध्यान दिया है। अब आपने किसी और को वोट दे दिया तो ये फिर से खराब हो जाएंगे। मैं अपने लिए वोट नहीं मांग रहा, पर दिल्ली की तरक्की के लिए, देश की तरक्की के लिए और आपने बच्चों के भविष्य के लिए अपनी पार्टी को छोड़कर झाड़ू को वोट दे देना।
उन्होंने कहा- अच्छा एक बात बताओ, पिछले पांच साल में जब स्कूल वाले आपके बच्चों कि फीस बढ़ा रहे थे, तो भाजपा, कांग्रेस वाले कहां थे? तब मैं आपके काम आया था। जब आपके बच्चे टूटे-फूटे सरकार स्कूलों में पढ़ रहे थे, तब भाजपा-कांग्रेस वाले कहां थे? तब मैंने आपके बच्चों के स्कूल ठीक किए थे।
भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने तो अपने सभी राज्यों यूपी, हरियाणा ने बिजली के दाम बढ़ा दिए थे। कांग्रेस ने भी पंजाब में बिजली के दाम बढ़ा दिए थे। अगर दिल्ली में भी भाजपा या कांग्रेस की सरकार होती तो आप भी बहुत महंगी बिजली खरीद रहे होते। गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद में देखिए आप कितनी महंगी बिजली है। पूरे देश में इतनी ज्यादा महंगाई हो रही है कि आम आदमी का जीना दुश्वार है, तब मैंने आपका बिजली, पानी, अस्पताल फ्री करके आपको गले लगाया था।
केजरीवाल ने आगे कहा कि याद है, जब भी आपके घर में कोई बीमार पड़ा तब मैंने उनके फ्री और अच्छे इलाज का इंतजाम किया था। तब भाजपा कांग्रेस आपके काम नहीं आए, केजरीवाल आया था। आपकी बेटी स्कूल, कॉलेज या काम पर नहीं जा पाती थी क्योंकि बस का किराया बहुत ज्यादा था। तब मैंने आपकी बेटी के लिए बस फ्री की थी ताकि वो अपने सपने पूरे कर सके।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में मैं ही आपके काम आया था। यकीन मानिए अगले पांच साल भी मैं ही आपके काम आऊंगा। हमेशा आपको अपने परिवार का हिस्सा माना है, कभी आपके साथ सौतेला व्यवहार नहीं किया कि आप दूसरी पार्टी से हैं। और एक बार आपको अपना लिया तो कभी साथ नहीं छोड़ूंगा।