दिल्ली विधानसभा चुनाव में शाहीन बाग के बाद अब हनुमान चालीसा पर सियासत जोरों पर है। इसे लेकर भाजपा और आप आमने-सामने आ गए हैं। एक न्यूज चैनल में सीएम अरविंद केजरीवाल ने हनुमान चालीसा गाकर सुनाया तो इसे लेकर सियासत का नया दौर शुरू हो गया। अब भाजपा केजरीवाल पर हमलावर है। एक के बाद एक कई भाजपा नेताओं ने केजरीवाल पर जमकर तंज कसे हैं।
केजरीवाल पर चौतरफा वार
दिल्ली के मॉडल टाउन से भाजपा उम्मीदवार कपिल मिश्रा ने केजरीवाल के हनुमान चालीसा पढ़ने पर तंज कसा तो मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने चौहान ने भी केजरीवाल को घेरा। शिवराज ने बिना नाम लिए केजरीवाल पर चुटकी लेते हुए कहा कि हनुमान से आज के 'लंकेश्वर' भी डरते हैं। वहीं सांसद रविकिशन ने भी केजरीवाल को निशाने पर लिया। किराड़ी की रैली में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी केजरीवाल पर तंज कसा और इसी बहाने असदुद्दीन ओवैसी पर हमला बोला।
केजरीवाल ने सोमवार को एक निजी चैनल के साथ बातचीत में खुद को हनुमान भक्त बताते हुए हनुमान चालीसा पढ़ा था। उन्होंने कहा था कि वह बचपन से बजरंग बली के सबसे बड़े भक्त हैं।उन्होंने कहा कि वह अक्सर कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में पूजा के लिए जाते हैं।
सबसे पहले कपिल मिश्रा ने कसा तंज
इसे लेकर केजरीवाल पर सबसे पहले कपिल मिश्रा ने हमला बोला। कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर केजरीवाल पर हमला बोला। उन्होंने कहा- केजरीवाल हनुमान चालीसा पढ़ने लगे हैं, अभी तो ओवैसी भी हनुमान चालीसा पढ़ेगा। ये हमारी एकता की ताकत है। हमें ऐसे ही इकट्ठा रहना है। एक होकर वोट करना। हम सबकी एकता से 20 फीसदी वाली वोट बैंक की गंदी राजनीति की कब्र खुदकर रहेगी।
फिर शिवराज ने भी यूं घेरा
मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी बिना नाम लिए केजरीवाल को निशाने पर लिया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'हनुमान जी से आज के लंकेश्वर भी भयभीत होते हैं। बोलो महाबली श्री हनुमान की जय।'
रविकिशन बोले- हनुमान को नहीं बना सकते बुड़बक
सांसद रविकिशन भी पीछे नहीं रहे और केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा- केजरीवाल को अचानक शाहीन बाग में बिरयानी खिलाने के बाद अब उनको याद आया कि मैं हिंदू हूं। हनुमान जी को अब ये बुड़बक नहीं बना सकते हैं। हनुमान चालीसा पढ़ें य पेड़ से उल्टा लटक जाएं, ये चुनाव हार रहे हैं।
सीएम योगी का केजरीवाल-ओवैसी पर निशाना
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने किराड़ी की रैली में कहा- अभी तो केजरीवाल जी ने हनुमान चालीसा पढ़नी शुरू की है, आप देखना आगे आगे क्या होता है। ओवैसी भी एक दिन हनुमान चालीसा का पाठ पढ़ता दिखाई देगा।