विधानसभा चुनाव के लिए तेज हुई सरगर्मियों के बीच कांग्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए घर-घर पहुंचने की तैयारी पूरी कर ली है। सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस के 15 वर्ष बनाम दिल्ली में आम आदमी पार्टी के पांच वर्ष की सरकार की उपलब्धियों का जिक्र होगा। इसके लिए सभी स्तर पर पार्टी ने तैयारी कर ली है, जिसे प्रत्याशियों के टिकट की घोषणा के साथ ही सभी विधानसभा क्षेत्र में जमीनी स्तर पर उतारा जाएगा।
खास बात यह है कि इस अभियान के तहत पार्टी की तरफ से आरोप नहीं लगाए जाएंगे बल्कि उपलब्धियों की तुलना से मतदाताओं में पार्टी अपनी पैठ मजबूत बनाएगी।
राष्ट्रीय स्तर पर सोशल साइट्स पर कांग्रेस के फॉलोवर्स की संख्या पांच लाख से अधिक है। विधानसभा चुनाव में भी पार्टी दिल्ली में पूर्व की कांग्रेस सरकार के दौरान की योजनाओं की बारीकियों का हवाला देते हुए पिछले पांच वर्षों के दौरान आम आदमी पार्टी की सरकार से तुलना करेगी। तुलना के आधार पर ही आम लोग, सभी पहलुओं पर गौर कर, मतदान करेगी।
पार्टी सूत्रों की मानें तो इसके अलावा भी लोगों के घरों तक पहुंचने के लिए सभी स्तर पर तैयारियां पहले से ही है। अब टिकट मिलने का इंतजार है ताकि उम्मीदवार इसे धरातल पर उतारकर पार्टी की स्थिति मजबूत करेगी। पार्टी कार्यकर्ताओं सहित अभी भी सैकड़ों की संख्या में ग्रुप से पार्टी जुड़ी हुई है, जिसमें रोजाना बढ़ोतरी का सिलसिला भी जारी है।
बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान के बाद कांग्रेस भी तैयारियों में जुट गई है। कांग्रेस की ओर से अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास में 11 जनवरी को कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक की घोषणा की गई। वहीं टिकट के दावेदारों के लिए कांग्रेस पार्टी के आला नेताओं से मुलाकात करने का सिलसिला तेज हो गया है। अगले सप्ताह पहले चरण के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी जाएगी। इस बार के चुनाव में पार्टी अनुभवी नेताओं के साथ युवाओं को भी खास तरजीह देगी।