दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार चरम पर है। इसी बीच दिल्ली में ऑटो पर 'आई लव केजरीवाल' स्टिकर लगाने पर ट्रैफिक पुलिस ने ऑटो का 10 हजार रुपये का चालान काट दिया। इसके बाद एक ऑटो ड्राइवर ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर बताया कि 'आई लव केजरीवाल' स्टीकर लगाने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने उसका 10 हजार रुपये का चालान काट दिया है।
इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति नवीन चावला ने मंगलवार को दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग को नोटिस जारी किया है।कोर्ट ने तीनों को याचिका पर अपना पक्ष रखने को कहा है। अब ट्रैफिक पुलिस को बताना होगा कि किस नियम के तहत चालान किया गया था। सभी पक्षों द्वारा संक्षिप्त दलीलें सुनने के बाद, अदालत ने उन्हें सुनवाई की अगली तारीख 3 मार्च से पहले अपना जवाब दाखिल करने को कहा।
वहीं केजरीवाल ने ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा। केजरीवाल ने ट्वीट किया, 'भाजपा अपनी पुलिस से गरीब ऑटो वालों के झूठे चालान करवा रही है। इनका कसूर केवल ये है कि इन्होंने 'आई लव केजरीवाल' लिखा है। गरीबों के खिलाफ इतनी दुर्भावना ठीक नहीं है। मेरी भाजपा से अपील है कि गरीबों से बदला लेना बंद करे।'