दिल्ली के चुनावी मौसम के बीच स्कूलों की हालत को लेकर भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच रस्साकशी का दौर जारी है। इसे लेकर मंगलवार को भाजपा नेता व गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को फिर निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसदों के दौरे के बाद पता चला है कि स्कूलों की हालत कितनी दयनीय है और इससे आप पूरी तरह बेनकाब हो गई है। वहीं, केजरीवाल ने भी इसपर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा सांसदों की रिपोर्ट झूठी है।
शाह बोले, केजरीवाल जी आपका दावा फेल
अमित शाह ने ट्वीट कर कहा- अरविंद केजरीवाल जी, आपने मुझे दिल्ली के स्कूलों का दौरा करने को कहा था। कल दिल्ली के आठ सांसदों ने दिल्ली के कई स्कूलों का दौरा किया था। जमीनी सच्चाई देखकर शिक्षा में क्रांति का दावा पूरी तरह फेल हो गया है। अब आपको दिल्ली की जनता को जवाब देना है।
शाह ने चार मिनट का एक वीडियो भी पोस्ट किया है जिन स्कूलों में भाजपा के सांसद पहुंचे थे। इस दल में राज्यसभा सांसद विजय गोयल भी शामिल थे। इसके अलावा इस दल में डॉ. हर्षवर्धन, प्रवेश वर्मा, विजय गोयल, मीनाक्षी लेखी, गौतम गंभीर, हंसराज हंस, मनोज तिवारी और रमेश बिधूड़ी शामिल थे।
कल भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने एक स्कूल का दौरा करने के बाद आप के दावे पर सवाल उठाए थे कि यहां के सरकारी स्कूल विश्व स्तर के हो गए हैं। उन्होंने मटियाला में एक सरकारी स्कूल का दौरा किया था।
केजरीवाल का पलटवार
वहीं, केजरीवाल ने भी अमित शाह को जवाब देते हुए कहा कि उनके सांसदों की रिपोर्ट झूठी है।