दिल्ली विधानसभा का दो दिवसीय सत्र आज (बुधवार) से शुरू हो रहा है। दो दिवसीय सत्र के पहले दिन मानसून की बारिश में जलभराव की दिक्कतों से निपटने की तैयारी परखने वाली याचिका समिति की रिपोर्ट पेश होगी। रिपोर्ट के बाद उस पर चर्चा होगी, जिसमें न सिर्फ एमसीडी बल्कि लोक निर्माण विभाग अधिकारियों की खिंचाई तय है।
वहीं विपक्षी दल भाजपा के नेता और आम आदमी पार्टी के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा जो मामले उठाने की तैयारी में हैं, उससे सदन में हाई वोल्टेज हंगामा तय माना जा रहा है। मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल और सत्येंद्र जैन के खिलाफ सबूत सदन पटल पर रखने की अनुमति मांगी है।
विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल की अध्यक्षता वाली नियम समिति की रिपोर्ट पेश होगी, जिससे लोकसभा की तर्ज पर बनाई गई विधानसभा की सात स्थायी समिति के गठन को मंजूरी दी जाएगी। इसमें कुछ अन्य सिफारिशें भी सामने आ सकती हैं।