दिल्ली के एक आश्रम में छात्राओं से छेड़छाड़ और अश्लील बातें करने के आरोपी बाबा की अश्लील चैट सामने आई हैं। पुलिस ने सीसीटीवी की हार्ड डिस्क जांच के लिए भेज दी है।
दिल्ली के एक आश्रम में छात्राओं से छेड़छाड़ और अश्लील बातें करने के आरोपी स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी को लेकर नया खुलासा हुआ है। आरोपी स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थ सारथी की अश्लील चैट सामने भी आई हैं।
विज्ञापन
चैट में बाबा लड़कियों से कह रहा है, मेरे कमरे में आ जाओ, तुमको मैं विदेश ले चलूंगा और तुम खर्च भी नहीं करना होगा। अगर मेरी बात नहीं मानी तो तुम्हें फेल कर दूंगा। आरोपी बाबा चैतन्यानंद लड़कियों को वॉट्सएप पर मैसेज कर बुलाता था।
आरोप है कि अगर लड़कियां नहीं आती थीं तो परीक्षा में उनके नंबर काटने और फेल करने की धमकी देता था। बाबा के साथ स्टाफ की तीन वॉर्डन भी आरोपी हैं, ये महिलाएं लड़कियों को धमकाती थीं और उनकी वॉट्सऐप चैट डिलीट कराती थीं।
विज्ञापन
पुलिस ने तीनों वॉर्डन के बयान दर्ज किए हैं। जब ये घटना हुई उस वक्त बाबा लंदन में था। पुलिस ने आश्रम की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। संस्थान से मिले हार्ड डिस्क को एफएसएल जांच के लिए भेजा है।
छेड़छाड़ और जबरन छूने की कोशिश
छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया है कि चैतन्यानंद उन्हें जबरन छूने की कोशिश करता था। विरोध करने पर शारीरिक संपर्क करने की कोशिश की और इसके लिए कई तरह के दबाव भी बनाए।
कथित तौर पर छात्राओं को डराया और धमकाया गया। यह भी कहा जा रहा है कि इस मामले में कुछ फैकल्टी के लोग भी जुड़े हैं। आरोप है कि चैतन्यानंद ने छात्राओं को आवाज को दबाने के लिए अपनी ताकत और प्रतिष्ठा का इस्तेमाल किया।
किसी छात्रा ने दुष्कर्म की शिकायत नहीं दी
जिला पुलिस अधिकारियों की माने तो किसी भी छात्रा ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत नहीं दी है। सभी पीड़ितों ने सिर्फ छेड़छाड़ करने और अश्लील बातें करने की शिकायत दी है। हालांकि पुलिस इस मामले में कई कोणों से भी जांच कर रही है कि कोई और विवाद तो नहीं है।
पुलिस जांच में पता चला कि पार्थ सारथी के खिलाफ दक्षिण दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी थाने में वर्ष 2009 में और 2016 में यौन उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज हैं।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार छात्राओं की शिकायत के बाद श्री श्रृंगेरी मठ के प्रशासक पीए मुरली ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। शिकायत में संस्थान की कुछ फैकल्टी और प्रशासनिक अधिकारियों का भी जिक्र था जो उसकी हरकतों में मदद करते थे।
कौन है चैतन्यानंद
चैतन्यानंद उर्फ पार्थ सारथी श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट का प्रबंधक था। संस्थान श्रृंगेरी पीठ के अधीन चलता है, जिसका प्रबंधक स्वामी चैतन्यानंद को नियुक्त किया गया था। हालांकि एफआईआर के बाद उसे पद से हटा दिया गया है।