अनाज मंडी अग्निकांड पर दिल्ली में सियासत गर्मा गई है। राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप मढ़ रही है। दरअसल, तीनों मुख्य राजनीतिक पार्टियों का कार्यक्रम छुट्टी वाले दिन तय था।
मंगला बाजार में भाजपा ने जनसभा की योजना बनाई थी। भाजयुमो ने भी तिलक नगर, उत्तम नगर, मुंडका व किराड़ी में स्थानीय विधायकों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी, जबकि आम आदमी पार्टी का इंद्रा विकास कॉलोनी में शिलान्यास कार्यक्रम था। इसी तरह कांग्रेस की जनाक्रोश रैली तय थी।
अग्निकांड के बाद भाजपा ने मंगला बाजार में प्रस्तावित जनसभा व विरोध प्रदर्शन निरस्त कर दिया। देर शाम कांग्रेस नेता कीर्ति आजाद की तरफ से सोमवार को प्रस्तावित लिट्टी-चोखा कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया, लेकिन इंद्रा विकास में शिलान्यास कार्यक्रम में सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शिरकत की। इस दौरान हंगामा भी हुआ।
तिमारपुर के स्थानीय विधायक पंकज पुष्कर के साथ मंच पर ही कुछ लोगों ने धक्का-मुक्की की। सभा में मुख्यमंत्री के पहुंचने पर दिल्ली में सियासत गरमा गई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि जहां एक तरफ न्यू अनाज मंडी अग्निकांड के बाद दिल्ली मातम में डूबी है वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री तिमारपुर में बधाई कार्यक्रम कर रहे हैं। केजरीवाल जी ऐसे संवेदना शून्य कैसे हो सकते हैं आप?