दिल्ली एयरपोर्ट ऑपरेटर डायल ने 63 सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इन अकाउंट पर एयरपोर्ट पर जलभराव और बाढ़ संबंधी भ्रामक सामग्री फैलाने का आरोप है। यह कार्रवाई पिछले सप्ताह हवाई अड्डे पर हुई एक घटना के संबंध में की गई है।
डायल ने दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कराई
डायल ने बुधवार को बताया कि उसने दिल्ली पुलिस में यह प्राथमिकी दर्ज कराई है। इन अकाउंट ने प्रसारित सामग्री में एयरपोर्ट पर जलभराव और बाढ़ के गलत दृश्य दिखाए गए थे। साथ ही, एयरपोर्ट के परिचालन में बाधा आने का झूठा दावा भी किया गया था।
दुबई एयरपोर्ट का वीडियो किया गया शेयर
डायल के बयान के अनुसार, एक पोस्ट में दुबई एयरपोर्ट के जलभराव का एक पुराना वीडियो दिल्ली एयरपोर्ट का बताया गया था। चार सितंबर 2026 को भारी बारिश के बाद एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 के आगमन प्रांगण में अस्थायी रूप से पानी जमा हो गया था। हालांकि, डायल ने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ। स्थिति को 20 मिनट के भीतर ही ठीक कर लिया गया था।
63 सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ एफआईआर
डायल ने आगे कहा कि 63 सोशल मीडिया अकाउंट द्वारा भ्रामक सामग्री का प्रसार सार्वजनिक शरारत पैदा करने का जानबूझकर किया गया प्रयास प्रतीत होता है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक उपयोगिता सेवा की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना और यात्रियों के बीच अनावश्यक चिंताएं उत्पन्न करना था। जिसको लेकर डायल ने कार्रवाई की है।
एयरपोर्ट पर पानी को 20 मिनट में बाहर निकाला
4 सितंबर 2026 को हुई भारी बारिश के कारण टर्मिनल 3 के आगमन प्रांगण में कुछ समय के लिए पानी जमा हुआ था। डायल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 20 मिनट के भीतर स्थिति को सामान्य कर दिया। एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान कोई भी उड़ान प्रभावित नहीं हुई। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन करता है डायल
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGIA) का संचालन करता है। यह हवाई अड्डा रोजाना 1,300 से अधिक विमान आवाजाही को संभालता है। डायल ने भ्रामक प्रचार को रोकने के लिए यह कदम उठाया है। इसका उद्देश्य हवाई अड्डे की सही छवि बनाए रखना है।