सीमा शुल्क अधिकारियों ने 72.46 लाख रुपये के सोने की तस्करी के आरोप में एयर इंडिया चालक दल के एक सदस्य और एक कैटरिंग कर्मचारी को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया है। बरामद सोने का वजन 1.667 किलोग्राम है। दोनों आरोपियों ने 3 दिसंबर को भी लंदन से डेढ़ किलो सोना तस्करी कर लाए जाने की बात स्वीकार की है।
एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को लंदन से आई उड़ान में चालक दल का सदस्य कस्टम अधिकारियों को देखकर सोने को विमान पर रखे कूड़ेदान में छुपा दिया। बाद में अधिकारियों ने कैटरिंग कंपनी के कर्मचारी को भी पकड़ लिया। कस्टम विभाग के बयान में कहा गया है कि कैटरिंग कंपनी एंबेसडर स्काई शेफ और विमान चालक दल के सदस्य को आमने-सामने बिठाकार पूछताछ में अधिकारियों ने चार सोने के कड़े बरामद किए। उन्होंने बताया कि सोने के कड़े पर चांदी की परत चढ़ा रखी थी।