दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा 150 गंतव्यों को जोड़ने वाला देश का पहला हवाई अड्डा बन गया है। दिल्ली एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने बताया कि रविवार को थाई एयर एशिया एक्स ने दिल्ली और बैंकॉक-डॉन मुआंग (डीएमके) के बीच सीधी उड़ानें शुरू की। यह दिल्ली हवाई अड्डे से जुड़ने वाला 150वां गंतव्य है। नए रूट पर सप्ताह में दो बार एयरबस ए330 विमानों का संचालन किया जाएगा। एयरलाइन जनवरी 2025 के मध्य तक फ्रीक्वेंसी को दो बार से बढ़ाकर चार बार करने की भी योजना बना रही है।
डायल के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले कुछ सालों में दिल्ली एयरपोर्ट से 20 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ा गया है। इनमें नोम पेन्ह, बाली डेनपसार, कैलगरी, मॉन्ट्रियल, वैंकूवर, वाशिंगटन, डलेस, शिकागो ओ'हारे और टोक्यो हनेडा शामिल हैं। भारत से लंबी दूरी की सभी जगहों में से 88 प्रतिशत जगहें दिल्ली से जुड़ी हुई हैं और भारत से रवाना होने वाली सभी लंबी दूरी की साप्ताहिक उड़ानों में से 56 प्रतिशत दिल्ली एयरपोर्ट से संचालित होती हैं। भारत से लंबी दूरी के यात्रियों में से लगभग 50 प्रतिशत ने दिल्ली हवाई अड्डे का चुनाव किया है। हवाईअड्डा से प्रतिदिन लगभग 1,400 उड़ानों की आवाजाही होती है।