एनसीआर में गाजियाबाद सबसे अधिक प्रदूषित
दूसरी ओर, दिल्ली-एनसीआर में राजधानी के बाद गाजियाबाद की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां एक्यूआई 364 दर्ज किया गया, यह हवा की बेहद खराब श्रेणी है। वहीं, गुरुग्राम में 328, नोएडा में 327 और ग्रेटर नोएडा में 329 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके अलावा, फरीदाबाद की हवा सबसे साफ रही। यहां सूचकांक 235 दर्ज किया गया। यह हवा की खराब श्रेणी है। सीपीसीबी के अनुसार, रविवार को हवा पूर्व दिशा से 10 किलोमीटर प्रतिघंटे के गति से चली। वहीं, अनुमानित अधिकतम मिश्रण गहराई 700 मीटर रही। इसके अलावा, वेंटिलेशन इंडेक्स 500 मीटर प्रति वर्ग सेकंड रहा। दूसरी ओर, दोपहर तीन बजे हवा में पीएम10 की मात्रा 295.7 और पीएम2.5 की मात्रा 180.8 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई।
सोमवार को भी खराब रहेगी हवा
वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि सोमवार तक हवा बेहद खराब श्रेणी में बरकरार रहेगी। इसके चलते सांस के मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। साथ ही, लोगों को आंखों में जलन, खांसी, खुजली, सिर दर्द जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा, शनिवार को कई इलाकों में गंभीर और बेहद खराब श्रेणी में हवा दर्ज की गई।