केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, लगभग दो सप्ताह तक खराब श्रेणी में रहने के बाद, रविवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता गिरकर बहुत खराब श्रेणी में आ गई। राजधानी में 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 311 दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सोमवार को मध्यम कोहरे का अनुमान जताया है, जिसमें अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
फिर जहरीली हुई हवाएक्यूआई 300 के पार
नवंबर के आखिरी सप्ताह में कुछ दिनों की राहत के बाद हवा एक बार फिर जहरीली हो गई है। प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ते हुए रविवार को 300 के पार पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 331 दर्ज किया गया। इससे पहले 14 नवंबर को एक्यूआई 367 दर्ज हुआ था।
आंकड़ों के मुताबिक, 23 नवंबर को दिल्ली का औसत एक्यूआई 263 था, जो 24 नवंबर को घटकर 227 और 25 नवंबर को 220 रह गया। 26 और 27 नवंबर को यह करीब 226 दर्ज किया गया। इसके बाद प्रदूषण ने तेजी से पैर पसारे। 28 नवंबर को एक्यूआई 293 और अगले दिन 331 पहुंच गया।
इस तरह महज दो दिनों में प्रदूषण 85 अंक बढ़ गया। वहीं, 25 नवंबर के मुकाबले चार दिनों में इसमें 111 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई। 29 नवंबर को दिल्ली के 59 निगरानी केंद्रों में से 33 पर एक्यूआई 300 से अधिक रहा। इनमें 32 केंद्रों पर हवा बहुत खराब और एक केंद्र पर गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। शाम चार बजे चांदनी चौक 410 एक्यूआई के साथ सबसे प्रदूषित इलाका रहा। इसके बाद सिरीफोर्ट में 394, डीटीयू में 379, नॉर्थ कैंपस में 378 और मथुरा रोड में 377 एक्यूआई दर्ज किया गया।