दिल्ली में विधानसभा के चुनावी रण में सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सहानुभूति दिल्ली की जनता से नहीं बल्कि अफजल की फांसी पर आंसू बहाने वालों से है। उन्होंने राजधानी में प्रदूषण की समस्या कहा कि दिल्ली की हवा इतनी जहरीली हो गई है, कि सभी लोग केजरीवाल की तरह खांस रहे हैं। उधर, आप ने योगी के इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए चुनाव में हार के डर से बौखलाहट करार दिया।
योगी ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में वायु व जल प्रदूषण की समस्या दूर करने की दिशा में कोई काम नहीं किया। पाठशाला तो नहीं खुलवाई, लेकिन मोहल्ले-मोहल्ले में मधुशाला जरूर खुलवा दी है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी उन लोगों के हितों के लिए राजधानी को 50 दिनों से बंधक बनाए है, जिनकी मंशा ही ठीक नहीं है। शाहीन बाग की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि यह धरना-प्रदर्शन पाकिस्तान को मजबूती दे रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने यमुना और दिल्ली की हवा को साफ करने की दिशा में कोई काम नहीं किया। बदरपुर और तुगलकाबाद में देरी से पहुंचने पर योगी आदित्यनाथ ने शाहीन बाग को कसूरवार ठहराया। उन्होंने कहा कि अगर शाहीन बाग में चल रहे धरने की वजह से जाम न होता तो वे वक्त पर पहुंच जाते। उन्होंने कहा कि दिल्ली वालों ने अरविंद केजरीवाल को अच्छी शिक्षा, साफ पानी और मूलभूत सुविधाओं की पूर्ति के लिए वोट दिया था, लेकिन वे आतंकियों के हमदर्द बनकर उभरे हैं।