दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में दृश्यम फिल्म देखकर अमरपाल नामक एक शख्स ने अपने पड़ोसी को फंसाने के लिए खुद पर गोली चलवा ली। वारदात में उसने अपने भाई, कजिन व उसके साले को शामिल किया। लेकिन पुलिस की जांच में इस पूरे नाटक से पर्दा उठ गया।
पुलिस ने आरोपी के कजिन को गिरफ्तार कर लिया। इसकी पहचान अनिल के रूप में हुई है। फिलहाल अमरपाल का भाई गुड्डू और अनिल का साला मनीष फरार हैं। दरअसल अमरपाल पड़ोसी की मां की हत्या के आरोप में जेल में बंद था।
2019 में झगड़े के बाद अमरपाल व उसके परिजनों ने महिला की हत्या कर दी थी। इस मामले में अमरपाल की मां समेत कुल लोग जेल में बंद थे। एक माह पूर्व ही जेल से बाहर आने के बाद उसने पड़ोसी को फंसाने की योजना बनाई थी।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त अंटो अल्फोंस ने बताया कि 29 जून को सिविल लाइंस थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता अमरपाल ने बताया कि वह मजनू का टीला इलाके में रात को टहल रहा था। इसी दौरान पड़ोसी ओमबीर और उसके लड़कों ने उसे गोली मारकर हत्या का प्रयास किया।