आरोपी का अतीत उजागर, गांव में आक्रामक व्यवहार के लिए है चर्चित
दक्षिणी दिल्ली के कैलाश हिल्स में रहने वाले वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के मामले की जांच में जुटी टीमें वारदात से जुड़ी एक-एक कड़ी को जोड़ने में जुटी हैं। पुलिस की एक टीम के मुताबिक आरोपी राहुल मीणा अपने पैतृक गांव में अपने आक्रामक व्यवहार के लिए कुख्यात है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि टीम घटनास्थल का फिर दौरा किया।
इस दौरान दक्षिण-पूर्व जिले के पुलिस उपायुक्त डा. हेमंत तिवारी भी मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज जहां की उपलब्ध नहीं हैं उन स्थानों का दृश्य पुनर्निर्माण (सीन रीक्रिएट) किया जा रहा है। टीम आरोपी को साथ ले जाने पर भी विचार कर रही है। आरोपी की मानसिक स्थिति के बारे में सूत्रों ने बताया कि राहुल मीणा के भीतर साइकोपैथिक प्रवृत्तियां भी झलकती है। आरोपी के खिलाफ दिल्ली की घटना से कुछ घंटे पहले राजस्थान के अलवर में बलात्कार का मामला दर्ज किया गया था।
पोस्टमार्टम में पता चला कि मांसपेशियों में आंतरिक रक्तस्राव हुआ था
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के एक सभ्रांत इलाके में बुधवार को एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के बाद उसके शव का बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम हो गया। उसके दोनों हाथों और पैरों पर कई खरोंच के निशान एवं घाव, नाक की हड्डी में ‘फ्रैक्चर’ तथा गला घोंटना का पता लगने के अलावा पोस्टमार्टम के दौरान ये भी पता लगा है कि गर्दन की जांच के दौरान, ‘स्टर्नोक्लेइडोमास्टॉइड’, ‘स्टर्नोथाइरॉइड’ और ‘स्टर्नोहायॉइड’ मांसपेशियों में आंतरिक रक्तस्राव हुआ था। पोस्टमार्टम करने वाले एक डाक्टर ने पुलिस को बताया कि थाइरॉइड उपास्थि (कॉटिलेज) के दोनों हिस्सों में ‘फ्रैक्चर’ पाया, जबकि ‘हायॉइड’ हड्डी अक्षुण्ण थी।
सभी आंतरिक अंगों में रक्त का जमाव मिला, जो गला घोंटने के कारण दम घुटने से हुई मृत्यु के अनुरूप था।डॉक्टर ने बताया कि फॉरेंसिक जांच के लिए कई नमूने सुरक्षित रखे गए हैं, जिनमें विसरा, ‘लिगेचर मटेरियल’, नाखून के खुरचन, जाली में लगा खून और गुप्तांगों से लिए गए स्वैब आदि शामिल हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षित रखे गए स्वैब और नाखून के खुरचन को आगे की जांच के लिए भेजा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बलात्कार हुआ था या नहीं।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कैलाश हिल्स में हुए इस अपराध की मौजूदा जांच के बीच फोरेंसिक निष्कर्ष में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। हालांकि पुलिस अभी इनका खुलासा नहीं कर रही है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के फोरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने मीडिया को बताया था कि युवती को (22) को फोर्टिस एस्कॉर्ट्स अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। गुप्ता ने बताया कि बाहरी जांच में प्रतिरोध के अनुरूप कई चोटें पाई गईं। चेहरे पर कई घाव और खरोंचे के निशान मिलें, नाक की हड्डी में फ्रैक्चर भी पाया गया, जो किसी भारी वस्तु से प्रहार का संकेत है।