गणतंत्र दिवस समारोह से पहले नई दिल्ली जिले में काफी संख्या में कारतूस मिलने से दिल्ली पुलिस में अफरातफरी मच गई है। बुधवार रात चेकिंग के दौरान यूपी के पीलीभीत निवासी एहितशाम-उल की कार से 45 कारतूस बरामद किए गए। नई दिल्ली जिले की तिलक मार्ग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर एहितशाम को गिरफ्तार कर लिया। एहितशाम के पीलीभीत में कई ईंट-भट्टे हैं। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां व दिल्ली पुलिस आरोपी से संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं।
नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त प्रणव तायल के अनुसार, तिलक मार्ग थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा के नेतृत्व में एसआई वीरपाल व अन्य की टीम गणतंत्र दिवस के मद्देनजर रात 1.30 बजे डब्ल्यू पाइंट पर पिकेट लगाकर चेकिंग कर रही थी, तभी उन्होंने एक कार (यूपी 26 एएस 9990) को चेकिंग के लिए रोका। चेकिंग के दौरान चालक एहितशाम के कब्जे से एक छोटा पैकेट बरामद किया गया। पैकेट को खोला तो उसमें 45 कारतूस (9 मिमी) थे। पूछताछ के दौरान पता चला कि वह पीलीभीत से आ रहा है।