राजधानी में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। एक जुलाई से 17 अगस्त तक इन मरीजों की संख्या लगातार कम हुई थी, लेकिन अब 16 दिनों में 80 फीसदी तक मरीज बढ़ गए हैं। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इस समय होम आइसोलेशन में 10514 मरीज हैं। 21 अगस्त को यह आंकड़ा 5818 था। एक सप्ताह से प्रतिदिन औसतन 2000 मामले आ रहे हैं। अगस्त के पहले सप्ताह में यह आंकड़ा 987 का था।
घर पर इलाज करा रहे मरीजों की बढ़ती संख्या के विषय में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी का कहना है कि इस समय जो भी नए संक्रमित मरीज मिल रहे हैं उनमें अधिकतर में बीमारी के काफी हल्के लक्षण हैं। इसलिए उनका इलाज घर पर ही किया जा रहा है। कुल सक्रिय मरीजों में आधे से ज्यादा होम आइसोलेशन में हैं।
ऐसे बढ़ी संख्या
तारीख मरीज
21 अगस्त 5818
23 अगस्त 5896
25 अगस्त 5949
27 अगस्त 6596
29 अगस्त 7024
31 अगस्त 7876
02 सितंबर 8407
05 सितंबर 10514
नोट : आंकड़े स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हैं।