पुल प्रहलादपुर थाना इलाके में पुलिस ने बृहस्पतिवार रात चेकिंग में एक ट्रक से 37 मजदूरों को बरामद किया है। सभी मजदूर बिहार के लखीसराय जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने ट्रक चालक सत्यवीर और ठेकेदार बृजेश को गिरफ्तार कर लिया है। मजदूरों को हरियाणा के पलवल मंडी ले जाया जा रहा था।
साउथ-ईस्ट जिले के डीसीपी आरपी मीणा ने बताया कि लॉकडाउन की वजह से लगातार गश्त की जा रही है। पुल प्रहलादपुर थाने के एसएचओ अजय प्रताप सिंह टीम के साथ ओखला टी प्वाइंट पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी हरियाणा नंबर के एक ट्रक को जांच के लिए रोका गया। पहले तो चालक ने आवश्यक सामान की गाड़ी बताकर पुलिस को चकमा देने का प्रयास किया। लेकिन ट्रक की तलाशी लेने पर अंदर मजदूर छिपे मिले।
ट्रक में मौजूद ठेकेदार से सख्ती की गई तो बताया कि वह मजदूरों को पलवल मंडी ले जा रहा था। ये सभी मजदूर छतरपुर इलाके में रहते थे। वहीं, मजदूरों को मदनपुर खादर के शेल्टर होम में रखा गया है।
इनोवा से बिहार जा रहे थे 7 मजदूर, चालक धरा
केएमपुर थाने की पुलिस ने बृहस्पतिवार रात एम्स पुल के पास से एक इनोवा चालक को पकड़ा है। चालक ने मजदूरों से बिहार के वैशाली जिला ले जाने का सौदा 37000 रुपये में तय किया था। इनोवा में सात मजदूर सवार थे। पुलिस ने पूछताछ के बाद चालक शकील अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मजदूरों को बापू पार्क के शेल्टर होम में भेज दिया गया है।