नहर किनारे शौच कर रहे दो युवकों पर भारी मात्रा में मिट्टी गिर गई। पड़ोसियों ने दोनों को मिट्टी से निकालकर एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की शिनाख्त दिल्ली निवासी सलमान (22) और मुरारी नगर, खुर्जा, बुलंदशहर निवासी बॉबी (25) के रूप में हुई है।
हालांकि परिजनों का कहना है कि गिल्ली-डंडा खेलने के दौरान दोनों हादसे का शिकार हुए। परिजनों ने पोस्टमार्टम न कराने का विरोध किया था, लेकिन पुलिस के समझाने पर दोनों के परिवार मान गए। न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक सलमान अपने परिवार के साथ संजय कैंप, त्रिलोकपुरी में रहता था। इसके परिवार में पिता मोहम्मद राशिद, मां व अन्य सदस्य हैं। वहीं खुर्जा का रहने वाला बॉबी सलमान के साथ ही संजय कैंप में रहता था। इसके पिता दलबीर सिंह परिवार के साथ खुर्जा में रहते हैं।
बृहस्पतिवार रात को दोनों युवक जब घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश की। इस बीच किसी ने बताया कि दोनों दिन में धर्मशिला अस्पताल के पास नहर किनारे देखे गए थे। परिजन वहां पहुंचे तो मिट्टी में दबे दोनों युवक मिले। अस्पताल ले जाने पर दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शौच करने के दौरान हादसा हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं।