नई दिल्ली। सोमनाथ (गुजरात) में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल में (एसजीएफआई) हैंडबॉल में दिल्ली अंडर-19 बॉयज़ टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा को 30-22 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। कांस्य पदक मुकाबले में दिल्ली की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और लगातार बढ़त बनाए रखी। कप्तान प्रिंस के नेतृत्व में टीम ने बेहतरीन तालमेल के साथ खेला। टॉप स्कोरर कुनाल ने 16 गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया और हरियाणा की डिफेंस को दबाव में रखा। पहले हाफ में दिल्ली ने मजबूत बढ़त बना ली, जिसे दूसरे हाफ में भी कायम रखा।
कोच प्रतीक माथुर की रणनीति और खिलाड़ियों की फिटनेस ने टीम को पूरे मैच में बढ़त दिलाई। इस जीत के साथ दिल्ली टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित की और टूर्नामेंट में सम्मानजनक तीसरा स्थान हासिल किया।