एक्वा लाइन मेट्रो में सफर करते सीएम योगी
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री के नोएडा दौरे के दौरान नोएडा सेक्टर-137 स्थित कार्यक्रम स्थल पर भारी अव्यवस्था थी। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चूक हुई और मंच के पास लोग पहुंच गए। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। मुख्यमंत्री सहित सभी मंत्री और विधायक भीड़ में घिरे नजर आए। मुख्यमंत्री को भी लोकार्पण स्थल तक ले जाने में एनएसजी कमांडो को भीड़ को हटाने में मशक्कत करनी करनी पड़ी। इस दौरान सीएम ने नाराजगी भी जताई। इससे पहले नोएडा में जब भी कोई सीएम का कार्यक्रम हुआ तो ऐसी अव्यवस्था नहीं दिखी थी।
मुख्यमंत्री के दौरे में आयोजकों की लापरवाही ही हर जगह दिखाई दी। सेक्टर-137 मेट्रो स्टेशन पर एक्वा लाइन मेट्रो का उद्घाटन मुख्य कार्यक्रम था। यहां पर आयोजकों ने पहले तीन सौ लोगों के बैठने की व्यवस्था की थी, लेकिन अचानक जनसभा के रूप में तब्दील कर दिया गया और रातों रात लगभग डेढ़ हजार कुर्सियों की अतिरिक्त व्यवस्था की गई।
वहीं, कार्यक्रम में तीन हजार से अधिक लोग पहुंच गए। इससे अव्यवस्था फैल गई। मेट्रो स्टेशन के प्लेटफार्म पर भी मुख्यमंत्री के हरी झंडी दिखाने के दौरान भी अव्यवस्था दिखाई दी। चूक का ही कारण कहा कि कुछ युवक काले झंडे लेकर अंदर प्रवेश कर गए। बाद में पुलिस ने उन्हें बाहर निकाला। जो लोग सीएम को देखना चाहते थे, वह नहीं देख पाए क्योंकि पहली पंक्ति में भीड़ थी, पीछे वाले बैठे रहे। पुलिस से भी उन्होंने गुजारिश की, लेकिन कोई मानने को तैयार नहीं था।
प्रवेश स्थल पर गहन जांच नहीं
सभा स्थल पर जाने के लिए दो गेट बनाए गए थे। एक गेट से सीएम व वीवीआईपी व दूसरे गेट से आम लोगों को जाने की व्यवस्था थी। भाजपा के कई पदाधिकारी अंदर प्रवेश नहीं कर पाए, क्योंकि उनके पास प्रशासन का पास नहीं था। इस बात पर उन्होंने डीएम पर आरोप भी लगाया कि उन्होंने भाजपा नेताओं को पास देने से मना कर दिया जबकि अन्य लोगों को बुला लिया।