नेबसराय थाना इलाके के देवली रोड पर 26 अगस्त की रात घोषित बदमाश कपिल पंवार की हत्या गैंगवार में की गई थी। कपिल की हत्या दीपक पंडित गिरोह के गुर्गों ने की थी। कपिल रवि गंगवाल गिरोह का सदस्य था। इन दोनों गिरोह के बीच कई सालों से गैंगवार चल रही है और कई लोगों की जान जा चुकी हैं।
दिल्ली पुलिस ने हत्यारों की पहचान कर ली है। इनकी आखिरी लोकेशन झज्जर, हरियाणा में मिली है। दक्षिण जिला पुलिस के अलावा स्पेशल सेल व अपराध शाखा की कई टीमें आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही हैं।
नेबसराय थाना इलाके के घोषित बदमाश कपिल पंवार की 26 अगस्त की रात उस समय हत्या कर दी थी जब वह अपनी बेलेनो कार से अपने दोस्त प्रमोद व अनू के साथ देवली रोड, राजू पार्क में रहने वाले दोस्त पारस से मिलने आया था। स्कूटी पर आए दो हथियारबंद बदमाशों ने तीनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थीं। कपिल को 11 से ज्यादा व प्रमोद को तीन से ज्यादा गोलियां लगी थीं।
अस्पताल में कपिल को मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम के दौरान कपिल की बॉडी से 10 गोलियां मिली थीं। पुलिस को कार से चार व बाहर से छह खोल मिले थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दीपक पंडित और रवि गंगवाल इस समय जेल में हैं। दोनों के बीच दक्षिण दिल्ली में वर्चस्व को लेकर कई सालों से गैंगवार चल रही है।