द्वारका जिले के बिंदापुर इलाके में मंगलवार शाम गली में खेल रही एक मासूम बच्ची को कार ने कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतका की शिनाख्त निधि (6) के रूप में हुई। हादसा मासूम के पिता के सामने हुआ।
आरोपी कार चालक युवक विनीत शर्मा को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। घटना गली में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पुलिस के मुताबिक, निधि अपने परिवार के साथ डीडीए फ्लैट, पॉकेट-3, बिंदापुर में रहती थी। परिवार में पिता अरुण गुप्ता, मां व अन्य सदस्य हैं। निधि पास के एक पब्लिक स्कूल में केजी की छात्रा थी। मंगलवार शाम वह गली में खेल रही थी। इस दौरान गली में ही रहने वाली विनीत नामक युवक ने तेज गति से अपनी स्विफ्ट कार मोड़ पर मोड़ दी।
अचानक सामने आई निधि को विनीत देख नहीं पाया और बच्ची उसकी कार के नीचे आ गई। हादसे के समय अरुण अपने घर के दरवाजे पर खड़ा था। उसने बेटी को कार के नीचे आते देखा तो वह भागकर मौके पर पहुंचा। किसी तरह बच्ची को कार के नीचे से निकालकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी विनीत हादसे के समय अपने कॉलेज से घर लौट रहा था।