द्वारका साउथ इलाके में जूडो खिलाड़ी दो भाइयों पर जानलेवा हमला होने का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने दादा देव जूडो अकादमी के एक कोच और उसके साथियों पर हमला करने का आरोप लगाया है।
पीड़ितों के बयान पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला कि दोनों भाइयों का कोच से अभ्यास को लेकर विवाद चल रहा था। घायलों की पहचान रुहील और विशांत के रूप में हुई है।
दोनों सपरिवार पालम इलाके में रहते हैं। दोनों जूडो के खिलाड़ी हैं। पुलिस को दी शिकायत में रुहील ने बताया कि दोनों भाई दादा देव जूडो अकादमी में अपने कोच नरेश आर्या के साथ अभ्यास करते हैं। वहां अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों का अलग अलग कोच हैं। उसने आरोप लगाया कि यहां कोचिंग करने वाला एक कोच विक्रम सोलंकी दोनों भाई को अपने साथ अभ्यास करवाना चाहता है, लेकिन वह उनके साथ अभ्यास नहीं करना चाहते हैं। इस बात को लेकर उनका विवाद चल रहा है।
15 सितंबर को दोनों भाई अपने कुछ दोस्तों के साथ रामफल चौक पर खाना खाने गए थे। इसी दौरान विक्रम का फोन आया। वह फोन पर धमकी और गाली गलौज करने लगे। आरोप है कि थोड़ी देर बाद आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और उसपर लाठी डंडे बरसाने लगा। बचाव करने के लिए पहुंचे उसके भाई पर भी आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद सभी फरार हो गए।