जेवर में एयरपोर्ट की जमीन के लिए किसानों से सहमति लेने की समयसीमा बृहस्पतिवार को खत्म हो गई। आखिरी दिन 125 किसानों ने 658 बीघा जमीन पर सहमति दी है। अब तक 2291 किसान 805 हेक्टेयर जमीन देने को राजी हो गए हैं। इस तरह 70 फीसदी किसानों से सहमति के करीब आंकड़ा पहुंच गया है। जेवर विधायक बृहस्पतिवार को भी किसानों से सहमति लेने में जुटे रहे।
दरअसल, प्रशासन ने 6 सितंबर तक सहमति की तिथि तय की थी। किसानों से जरूरी 70 फीसदी सहमति नहीं मिल पाई है। संभावना है कि यह तिथि और बढ़ जाए। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि शासन से निर्देश मिलने पर ही समयसीमा बढ़ाई जाएगी।
एयरपोर्ट के प्रथम चरण के लिए लगभग 8000 किसानों से 1334 हेक्टेयर जमीन की आवश्यकता है, जिसमें से 116 हेक्टेयर जमीन सरकारी है बची हुई 1218 हेक्टेयर जमीन का 70 फीसदी करीब 852 हेक्टेयर होता है जिसमें से अभी तक 2291 किसानों ने 805 हेक्टेयर के लिए ही सहमति दे दी है।
यदि सहमति के लिए दोबारा से समय सीमा नही बढ़ाई गई तो जेवर में प्रस्तावित एयरपोर्ट प्रोजेक्ट खटाई में पड़ सकता है। हालांकि, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह एक सप्ताह से किसानों के बीच गांव-गांव जाकर वार्ता कर रहे हैं, जिसके बाद बड़ी संख्या में किसान सहमति देने के लिए आगे भी आए हैं। विधायक का कहना है कि दो दिनों में किसानों से बातचीत कर सहमति ले ली जाएगी। वे बृहस्पतिवार को दयानतपुर गांव पहुंचे। करीब 240 बीघा जमीन पर किसानों से सहमति प्राप्त की।