अंकुर विहार में मचा हड़कंप, पुलिस ने जांच शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर स्थित अंकुर विहार में मंगलवार सुबह एक युवक का शव नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव पर चोटों के निशान थे और गले में रस्सी लिपटी मिली।
स्थानीय लोगों ने शव को नाले में देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने क्राइम और एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया। शव को बाहर निकालकर पहले जग प्रवेश चंद्र अस्पताल और बाद में जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया।
डीसीपी (उत्तर-पूर्व) आशीष मिश्रा ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच है और उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में जानकारी जुटा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शव को ठिकाने लगाने के लिए यहां फेंका गया या वह कहीं पीछे से बहकर आया हो सकता है। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और जिपनेट के जरिये गुमशुदा लोगों के रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।