फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेट्रो भवन के बेसमेंट में कर्मचारी की लाश बरामद, चार दिनों से था लापता

Mon, 25 Mar 2019 09:29 PM IST
राजेश सैनी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
dead body
विज्ञापन

नई दिल्ली के बाराखंबा रोड स्थित दिल्ली मेट्रो भवन के बेसमेंट में सोमवार सुबह मेट्रो के एक कर्मचारी की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुई है। कर्मचारी पिछले चार दिनों से लापता था और इस संबंध में डीएमआरसी द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई थी। प्राथमिक जांच के मुताबिक पुलिस इस घटना को पारिवारिक कारणों के चलते खुदकुशी बता रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन


नई दिल्ली पुलिस उपायुक्त मधुर वर्मा के मुताबिक मृतक की पहचान 33 वर्षीय महेश प्रजापति पुत्र पातिराम प्रजापति के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर-प्रदेश के बनारस स्थित डिठोरी महल अर्दली बाजार का रहने वाला था और वर्तमान में दिल्ली के गोविंद पुरी इलाके में रहता था। वह दिल्ली मेट्रो में बतौर मेंटेनेंस फिटर के पद पर कार्यरत था। सोमवार सुबह दिल्ली मेट्रो के एक सुरक्षा गार्ड को मेट्रो भवन के बेसमेंट में महेश की लाश दिखाई दी तो उसने मामले की सूचना अधिकारियों को दी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस के मुताबिक, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्राथमिक जांच में पता लगा कि महेश को 22 मार्च को आखिरी बार मेट्रो भवन की सातवीं मंजिल पर देखा गया था। उसके बाद वह लापता हो गया था और डीएमआरसी ने इस बारे में पता लगने पर अगले दिन 23 मार्च को बाराखंबा पुलिस थाने में महेश की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 
विज्ञापन


 प्राथमिक जांच में पता लगा कि महेश की शादी बीते साल 15 दिसंबर को प्रिया वर्मा से हुई थी और उसके बाद 15 जनवरी को उसकी पत्नी उसे छोड़कर अपने मायके चली गई थी। आशंका है कि घरेलू कलह के चलते महेश ने सातवीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी की। बहरहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वीकएंड के कारण पहले नहीं मिला शव
इस संबंध में डीएमआरसी का कहना है कि 22 मार्च को शुक्रवार का दिन था और उसके बाद वीकएंड की छुट्टी होने के कारण ऑफिस बंद था। इसलिए शनिवार और रविवार को बेसमेंट में शव होने की खबर किसी को नहीं मिल सकी। सोमवार को जब ऑफिस खुला तो सुरक्षा गार्ड को बेसमेंट में सीढ़ियों के पास महेश का खून से लथपथ शव दिखाई दिया।

इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इस घटना के बारे में पता लगने के बाद से मेट्रो भवन कर्मचारियों में दुख का माहौल है। वहीं डीएमआरसी ने मेट्रो भवन की सुरक्षा एजेंसी को फटाकर भी लगाई है कि इस घटना के बारे में पहले पता क्यूं नहीं लग सका। डीएमआरसी का कहना है कि पुलिस की जांच के बाद ही महेश की मौत के कारणों का पूरी तरह पता लग सकेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें