- रात में गश्त और जांच होगी तेज, इसी सप्ताह सभी पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। डीडीए ने दिल्ली के करीब 300 पार्कों का सुरक्षा निरीक्षण पूरा कर लिया है। उसके बाद पार्कों में सुरक्षा जांच और निगरानी बढ़ाई जा रही है। डीडीए के अनुसार, पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण इसी सप्ताह पूरा किया जाएगा। सुरक्षा गार्डों की तैनाती, गश्त, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, रोशनी, आने-जाने के रास्तों और पार्क की चहारदीवारी की जा रही है। पुलिस और अन्य संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर जरूरत वाले पार्कों में सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है। रात की पाली में अतिरिक्त गार्ड तैनात किए जा रहे हैं। इसके अलावा टॉर्च और सुरक्षा उपकरणों से लैस कर्मचारियों के माध्यम से बाइक से गश्त की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी भी रात के समय अचानक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
डीडीए ने बताया कि पार्कों के ऐसे हिस्सों की पहचान की जा रही है, जहां रोशनी कम है। इन स्थानों पर अतिरिक्त रोशनी लगाई जा रही है। रोशनी के खंभों के आसपास उगे पौधों की छंटाई भी की जा रही है, ताकि अंधेरा कम हो और निगरानी बेहतर हो सके।
पार्कों में रोशनी और सुरक्षा बढ़ाएं, आवाजाही न रोकें : एलजी
पार्कों में महिला सुरक्षा के लिए रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, लेकिन इसके नाम पर नागरिकों की आवाजाही पर रोक लगाने की जरूरत नहीं है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने महिला सुरक्षा को लेकर बहु-एजेंसी बैठक में अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में सघन और दिखाई देने वाली पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था की जाए, जिससे महिलाओं समेत सभी नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिले और सार्वजनिक स्थानों तक उनकी पहुंच बनी रहे। हेल्पलाइन और सोशल मीडिया के जरिए मिलने वाली संकट संबंधी सूचनाओं पर चौबीसों घंटे तुरंत प्रतिक्रिया की जाए। स्कूल-कॉलेजों और युवाओं के साथ पुलिस को सक्रिय रूप से जुड़ने को कहा। उन्होंने लोकनिवास के अधिकारियों से कहा कि उनके निर्देशों के पालन की नियमित रिपोर्ट लें।