दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने हाउसिंग स्कीम-2014 के लिए आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब सभी बैंक 15 अक्तूबर को शाम 5:00 बजे तक आवेदन पत्र स्वीकार करेंगे।
यह फैसला प्राधिकरण अधिकारियों की बैठक में लिया गया। इसके साथ ही हाउसिंग स्कीम के लिए ड्रा निकालने की तारीख 5 नवंबर को करने का फैसला लिया गया।
इससे पहले फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 9 अक्तूबर थी। अधिकारियों के अनुसार, ड्रा उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश और दो सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) पेशेवरों जिनमें एक आईआईटी दिल्ली और दूसरे नेशनल इंफॉरमेटिक सेंटर (एनआईसी) के विशेषज्ञ की देखरेख में होगा। इनकी एक समिति पूरे ड्रा का पर्यवेक्षण करेगी।