बच्चों का जन्मदिन हो तो माता पिता उन्हें तोहफे देते ही है। बच्चों को माता-पिता से मिलने वाले तोहफों का इंतजार रहता है। लेकिन एक बेटी ने अपने जन्मदिन के पांच दिन पहले अपने पिता को जिंदगी का तोहफा दिया है। भावना नाम की इस बेटी ने अपने लिवर का 60 फीसदी हिस्सा अपने पिता को दान कर उन्हें नई जिंदगी दी है।
फिलहाल दोनों दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में भर्ती हैं और बुधवार को अस्पताल में ही भावना ने अपने पिता और परिवार के कुछ सदस्यों के साथ जन्मदिन मनाया। उत्तराखंड के देहरादून स्थित हाथीबड़कलां निवासी तारादत्त (61) को उनकी बेटी भावना (33) ने अपने लिवर का 60 फीसदी हिस्सा दान किया।
जिसके बाद उनका लिवर प्रत्यारोपित किया गया। तारादत्त की तीन बेटियां हैं। भावना दिल्ली के उत्तम नगर स्थित नवादा में अपने परिवार के साथ रहती है। उसका एक बेटा और एक बेटी भी है और पति नोएडा में निजी कंपनी में काम करते हैं। तीन बहनों में भावना मंझली है।तारादत्त के लीवर में समस्या थी और डॉक्टरों ने लीवर प्रत्यारोपित करने की बात कही।