करावल नगर के वार्ड 246 में पहचाने जाएंगे कंटैमिनेशन के स्रोत
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। करावल नगर विधानसभा क्षेत्र की श्रीराम कॉलोनी में दूषित पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए दिल्ली जल बोर्ड ने ठोस पहल की है। वार्ड 246 में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन से होने वाले दूषित पानी के मिश्रण को रोकने के लिए नई परियोजना शुरू होगी।
इसमें लीकेज और कंटैमिनेशन के स्रोत की पहचान, क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत व जरूरत के अनुसार नई पाइपलाइन बिछाने का काम शामिल है। जल बोर्ड के रिकॉर्ड के अनुसार, काम 60 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
परियोजना का मुख्य उद्देश्य केवल पाइपलाइन मरम्मत नहीं, बल्कि उस जगह की पहचान करना है जहां से दूषित पानी पेयजल लाइन में प्रवेश कर रहा है। स्थायी समाधान के लिए दूषण के स्रोत को खत्म करना जरूरी है।
पुरानी क्षतिग्रस्त लाइनों की जगह 100 से 300 एमएम व्यास वाली नई डक्टाइल आयरन पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा, पुराने हाउस सर्विस कनेक्शनों को नई मुख्य जल वितरण लाइन से जोड़ने का काम भी किया जाएगा। इससे कॉलोनी निवासियों को साफ व सुरक्षित पेयजल मिलने की उम्मीद है।