झगड़े के बाद दबंगों से बार-बार मिल रही धमकियों से दहशतजदा गांव रनियाला में रहने वाले एक दलित परिवार ने गांव छोड़ दिया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने गांव के सात लोगों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने तथा दलित परिवार को अपमानित करने के आरोप में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने यह मामला अदालत के आदेश पर दर्ज किया है। इसके बाद से आरोपी भूमिगत हैं। गांव रनियाला के दलित परिवार का कहना है कि कुछ दिनों पहले गांव के इलियास व उसके गुट के अय्यूब, फारूख, जाफर, नासिर, शाहिद, शायम, शाहिद पुत्र अख्तर, दीनू, लियाकत सहित पांच अन्य लोगों ने मामूली बात पर उनके साथ मारपीट की और जाति सूचक शब्द कहे।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। उनका कहना है कि वे उन पर निरंतर गांव छोड़ने का दबाव बना रहे थे। ऐसा नहीं करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
पीड़ितों का कहना है कि इस बारे में स्थानीय पुलिस से शिकायत करने पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे अदालत की शरण में चले गए। अदालत के हस्तक्षेप के बाद ही आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एससी-एसएटी एक्ट के अलावा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
इसके बाद पीड़ितों को लगा कि ऐसी हालत में उनका गांव में रहना सुरक्षित नहीं होगा, इसलिए वे गांव छोड़कर भाग गए। उन्होंने आशंका जताई है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती उनकी जान पर खतरा बना रहेगा। इस बारे में थाना प्रभारी अशोक कुमार ने पुलिस ने रनियाला के सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि छानबीन के बाद आरोपियों को अवश्य गिरफ्तार किया जाएगा।