दाती महाराज के वायरल वीडियो से तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
महरौली के शनिधाम मंदिर में दाती महाराज की भीड़ के साथ पूजा-पाठ करने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने पर पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई है।
वीडियो वायरल होने के बाद दक्षिणी जिले के डीएम ने पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। दाती महाराज पर लॉकडाउन में नियमों की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगा है। आरती में किसी ने भी चेहरे पर मास्क नहीं लगाया था और न ही कोई सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करता दिख रहा था।
दुष्कर्म का भी आरोप
बता दें कि दाती महाराज पर दुष्कर्म का भी आरोप है। सीबीआई ने दाती महाराज और उनके सहयोगी अशोक, अर्जुन और अनिल पर दुष्कर्म के मामले में एफआईआर दर्ज की हुई है। शिकायत के अनुसार दाती महाराज के फतेहपुर बेरी आश्रम पर 9 जनवरी 2016 को कथित घटना हुई थी। दिल्ली पुलिस ने जून 2018 में मामला दर्ज किया था। जिसके बाद दाती महाराज और उनके सहयोगियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने साकेत कोर्ट में आईपीसी की धारा 376, 377 के तहत चार्जशीट फाइल की थी।
यह है पीड़िता का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि आश्रम में न सिर्फ दाती महाराज, बल्कि उसके अन्य सेवकों ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में दाती महाराज को मार्च 2019 में दिल्ली की साकेत कोर्ट से जमानत मिल गई थी। कोर्ट ने जमानत देते हुए कहा था कि दाती को दिल्ली से बाहर जाने के लिए उसकी इजाजत लेनी होगी। साथ ही, अधिकारियों के बुलावे पर उसे हर बार मौजूद रहना होगा।