यूपीटीयू से संबद्ध इंजीनियरिंग, मैनेजमेेंट और तकनीकी कोर्सेज के छात्र-छात्राएं साइबर तकनीक, गुड गवर्नेंस और लीडरशिप क्वालिटी का पाठ पढ़ेंगे।
विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के मद्देनजर यूपीटीयू ने कंफेडरेशन ऑफ एजुकेशन एक्सीलेंस (सीईई) के साथ करार किया है।
सीईई की ओर से तीनों विषयों पर इंटरनेशनल और नेशनल सेमिनार के साथ नेशनल लेवल साइबर ओलंपियाड आयोजित किए जाएंगे।
सीईई की ओर से इंटेल नेशनल लेवल साइबर ओलंपियाड टैलेंट हंट शो 20 दिसंबर को आयोजित होगा। टैलेंट हंट शो ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों मोड में संपन्न होगा।
ओलंपियाड के लिए 150 रुपये एंट्री फीस रखी गई है। प्रतियोगिता में प्रत्येक प्रतिभागी को इंटेल की ओर से सहभागिता प्रमाण-पत्र और विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे।
इसके साथ ही गुड गवर्नेंस और लीडरशिप स्किल्स पर सेमिनार और टॉक शो आयोजित होगा। इंटरनेशनल सेमिनार का आयोजन एमआईटी पुणे में होगा। इसके लिए कोई शुल्क तय नहीं किया गया है।
सेमिनार में भाग लेने वाले छात्रों में से चयनित विद्यार्थियों को दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा।