शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में गुरू-शिष्य परम्परा का जश्न मनाने के उद्देश्य से ‘परम्परा’ फेस्टिवल का आयोजन किया गया। ओडिशा और दिल्ली के शहरी और ग्रामीण झोपड़ियों में वंचित लोगों के लिए आर्थिक और सामाजिक उत्थान लाने में प्रयासरत फिलेनथ्रॉपिक संगठन परिचय फाउंडेशन द्वारा नई दिल्ली स्थित श्री सत्य सांई ऑडीटोरियम में आयोजित 5वें परम्परा फेस्टिवल में प्रख्यात नृत्यांगना सुजाता मोहापात्रा एवम शिष्यों ने ओड़िसी डांस ड्रामा ‘अद्यंता’ प्रस्तुत किया।
इंडियन आइडल 6 की प्रतिभागी अमृता भारती पांडा की संगीतमयी प्रस्तुति ने सभी को उनकी प्रतिभा का कायल बनाया। कार्यक्रम के दौरान अपनी तरह का एक विशिष्ट शो भी आयोजित किया गया, जहां गुरू पद्मभूषण सरोजा वैद्यानाथन (भरतनाट्यम नृत्यांगना), गुरू पद्मश्री शोभना नारायण (कत्थक नृत्यांगना), गुरू पद्मश्री जयारामा राव एवम् गुरू वनाश्री राव (कुचीपुड़ी नृत्यांगना), गुरू पद्मश्री भारती शिवाजी (मोहिनीयट्टम नृत्यांगना) आदि जैसी महारथी गुरूओं ने चर्चा की। मौके पर केन्द्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, व जाने-माने विद्वान, सांसद डॉ. प्रसन्ना कुमारी पटसनी, वरिष्ठ कलाकार जतिन दास भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के विषय में बातचीत करते हुए परिचय फाउंडेशन की संस्थापक, रोज़लिन पात्सनी मिश्रा ने कहा, गुरु-शिष्य परंपरा का मैं बहुत सम्मान करती हूं और इसे नृत्य के माध्यम से प्रदर्शित किये जाने से और सुंदर क्या हो सकता है? इसके लिए मैं प्रतिष्ठित ओडिसी नर्तक सुजाता महापात्रा की आभारी हूं, जिन्होंने अपने प्रदर्शन के साथ इस कार्यक्रम के सार को प्रदर्शित किया।