पाकिस्तान से किसी व्यक्ति ने सीआरपीएफ की एक महिला सिपाही के पास व्हाट्सएप कॉल की है। पहले उस व्यक्ति ने कहा, फोन मत काटना, लॉटरी से संबंधित बात करनी है। इसके बाद वह बोला, उसके पास कई दूसरे बेनिफिट हैं। अगर तुम अपने कैंपस और फोर्स के बारे में जानकारी दो तो हम मुंह मांगी कीमत देंगे।
भारतीय सेना ने पिछले साल नवंबर में अपने सभी जवानों के लिए व्हाट्सएप को लेकर एक एडवाइजरी जारी की थी। इसमें कहा गया था कि सभी जवान अपने व्हाट्सएप अकाउंट की सेटिंग्स तुरंत बदल लें।
इससे कोई भी पाकिस्तानी जासूस उन्हें किसी ग्रुप में नही जोड़ सकेगा। उस दौरान भारतीय सेना के एक जवान का व्हाट्सएप नंबर पाकिस्तान से संबंधित किसी व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था। हालांकि इसमें जवान की कहीं कोई सहमति नहीं थी।
उसके बाद सेना ने व्हाट्सएप की सेटिंग बदलने की हिदायत दी थी। गत वर्ष जुलाई में आईबी ने भी भारतीय सेना अधिकारियों और उनके परिवार को किसी भी संदिग्ध व्हाट्सएप ग्रुप से सतर्क रहने की हिदायत दी थी।
सेना ने विशेष सावधानी बरतने के आदेश जारी करते हुए कहा था कि अधिकारी-जवान अपनी निजता और गोपनीयता उजागर करने से बचें। वे ऐसे किसी भी व्हाट्सएप ग्रुप का हिस्सा न बनें, जो उनकी विश्वसनीयता खतरे में डाल रहा हो। इससे सैन्य बलों की गोपनीयता लीक होने का खतरा बना रहता है।