भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से यस बैंक से निकासी की अधिकतम सीमा 50 हजार रुपये तय होने के बाद ग्राहकों की भीड़ बैंक की शाखाओं में उमड़ने लगी। सुबह से ही बैंक की शाखाओं में ग्राहक अपने खाते से रुपये निकालने पहुंच गए।
गोल मार्केट स्थित बैंक की शाखा में शाम तक ग्राहकों की भीड़ के कारण अफरा तफरी की स्थिति रही। बैंक की शाखा बंद होने के बाद शाखा के बाहर लगे एटीएम में भी कैश के लिए ग्राहक पहुंचे, लेकिन रुपये नहीं थे। इतना ही नहीं, यस बैंक के ग्राहकों के लिए दूसरे बैंकों के एटीएम या रुपये की निकासी या यूपीआई के जरिये भुगतान भी नहीं किए जा सके।
ग्राहकों की भीड़ को देखते हुए बैंक अधिकारियों व कर्मियों को भी चिंता सताने लगी कि हालात कहीं बिगड़ न जाएं। दोपहर बाद सर्वर के काम न करने की वजह से कार्ड से पेट्रोल पंप या अन्य जगहों पर भुगतान नहीं किया जा सका। बैंक की शाखा बंद होने के बाद एटीएम से नकदी निकासी नहीं हो सकी।
एटीएम पर स्लिप लगाकर जानकारी दी गई कि निकासी फिलहाल नहीं की जा सकती है। हालांकि बैंक की तरफ से ग्राहकों को भरोसा दिया जा रहा है कि उनके रुपये खाते में सुरक्षित हैं, लेकिन अचानक निकासी की सीमा तय होने के बाद ग्राहकों की चिंता बढ़ गई है।