डॉक्टर बनकर 100 से अधिक दुकानदारों और कारोबारियों को ठगने वाले जालसाज को महरौली थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पर्यावरण कांप्लेक्स निवासी मिर्जा शीराज अली बैग (38) के रूप में हुई है। आरोपी ने हाल ही में छतरपुर के दो दुकानदारों से ढाई लाख रुपये के दो मोबाइल ठग लिए थे। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को दबोच लिया। आरोपी ग्रेजुएट है और खुद को बड़े निजी अस्पताल का डॉक्टर बताकर लोगों को झांसे में लेता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 1.35 लाख रुपये का मोबाइल बरामद किया है।
दक्षिण जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अचिन गर्ग ने बताया कि गांव सतबड़ी निवासी दुकानदार ने ठगी की शिकायत महरौली थाना पुलिस को दी थी। उसकी दुकान पर डॉक्टर का कोट पहनकर एक युवक आया और खुद को नामी अस्पताल का डॉक्टर बताया। उसने आईफोन खरीदने की इच्छा जताई। मोबाइल लेने के बाद आरोपी ने एनईएफटी पेमेंट की और स्क्रीन शाॅर्ट पीड़ित को दिखाकर चलता बना। बाद में पीड़ित को पता चला कि उसके खाते में कोई रकम नहीं आई है।
ठगी का मामला दर्ज कर महरौली थाना पुलिस ने मामले की पड़ताल की। जांच में पता चला कि छतरपुर में ही इसी तरह मोबाइल ठगी की एक और वारदात हुई है। आरोपी ने चेक देकर ठगी की थी। सीसीटीवी फुटेज से पता चली कि दोनों वारदात में एक ही व्यक्ति शामिल है। पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता किया तो वह नई दिल्ली एरिया की मिली। बाद में आरोपी को दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दोनों मोबाइल एक कंपनी को 1.60 लाख रुपये में बेच दिए हैं। पुलिस ने एक मोबाइल बरामद कर लिया, जबकि दूसरे को कंपनी ने बेच दिया था। पुलिस उसे बरामद करने का प्रयास कर रही है।