-ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन पोर्टल के जरिए संचालित होगी सेवा
नई दिल्ली । सफदरजंग अस्पताल ने आईसीयू से छुट्टी पा चुके मरीजों के लिए क्रिटिकल केयर फॉलोअप क्लिनिक शुरू किया है। यह सुविधा भारत की सरकारी अस्पतालों में पहली बार शुरू हुई है। अब मरीज घर बैठे ही अपने फोन या कंप्यूटर से डॉक्टर से बात कर सकेंगे। यह सेवा ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन पोर्टल के जरिए चलेगी। क्लिनिक हर मंगलवार और बृहस्पतिवार को सुबह 10 से 11 बजे तक खुलेगा।
अस्पताल के क्रिटिकल केयर विभाग के प्रमुख डॉ. अनिर्बान होम चौधरी ने बताया कि आईसीयू से ठीक होकर लौटने के बाद भी कई मरीजों को कमजोरी, याददाश्त में दिक्कत और सोचने-समझने में परेशानी जैसी समस्याएं होती हैं। इस क्लिनिक से इस कमी को दूर करने में मदद मिलेगी। क्लिनिक का उद्घाटन शनिवार को सफदरजंग अस्पताल के निदेशक डॉ. संदीप बंसल ने किया। इस मौके पर मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. चारू बाम्बा भी मौजूद थे। ब्यूरो