-रणदीप भाटी गैंग का सदस्य है गिरफ्तार बदमाश, पूर्वी जिला पुलिस ने की गिरफ्तारी
-बदमाश पर हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित 30 से अधिक मामले दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
पूर्वी जिला वाहन चोरी निरोधक शाखा ने फतेहपुर बेरी में हत्या के एक मामले में वांछित रणदीप भाटी गैंग के बदमाश अनुज चौधरी उर्फ फाइटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गाजीपुर इलाके से बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाश पर 30 से अधिक मामले दर्ज हैं और 2023 में जमानत पर जेल से निकलने के बाद से फरार था। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, चार कारतूस और एक चोरी की स्कूटी बरामद की है।
पूर्वी जिला के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि दिल्ली एनसीआर में अपराधियों गैंग के सदस्यों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पूर्वी जिला वाहन चोरी निरोधक शाखा बदमाशों की जानकारी हासिल कर रही थी। 28 मई को पुलिस को फतेहपुर बेरी हत्या मामले में शामिल एक वांछित बदमाश के गाजीपुर इलाके में आने की जानकारी मिली। इस सूचना पर निरीक्षक आनंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने निगरानी बढ़ाई और गाजीपुर के पेपर मार्केट के पास से उसे पकड़ने की कोशिश की। आरोपी ने इस दौरान हाथापाई कर भागने की कोशिश की लेकिन उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, चार कारतूस और लक्ष्मी नगर से चोरी एक स्कूटी बरामद की।
पूछताछ में पता चला कि वह रणदीप भाटी गैंग से जुड़ा हुआ है। वह दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश में कई आपराधिक मामलों में सक्रिय रूप से शामिल रहा है। उसे 2022 में गिरफ्तार किया गया था और 2023 में जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया। 2025 में उसपर दिल्ली के फतेहपुर बेरी में हत्या करने का मामला दर्ज किया गया। इस मामले में वह वांछित था। इस मामले में उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 36 साल का अनुज चौधरी मूलत: गांव अहमद नगर बुलंदशहर यूपी का रहने वाला है। उसने गाजियाबाद से 12 वीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय गैंग के सदस्यों के साथ घनिष्ठ संबंध बना लिए। उसपर हत्या, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के 30 से अधिक मामले दर्ज हैं।