पकड़े गए बदमाश की पहचान गांव जैठरा, एटा, यूपी निवासी ऋषभ उर्फ ऋतिक उर्फ डांसर के रूप में हुई है। घायल बदमाश को इंदिरा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं इंस्पेक्टर सुभाष को वेंकटेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल, दो कारतूस के अलावा दो खोखे बरामद किए हैं। ऋषभ ने अपने साथियों के साथ मिलकर 17 अगस्त की रात को बिंदापुर इलाके में कुलदीप नामक बदमाश की हत्या कर दी थी। वारदात के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि 17 अगस्त की रात को बदमाशों ने बिंदापुर इलाके में कुलदीप नामक युवक को चाकू मार दिए थे। गंभीर इलाल में कुलदीप को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान कुलदीप ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।
मामले में पुलिस ने पंवन उर्फ पंजाबी और एक अन्य युवक को गिरफ्तार कर लिया। मामले में मुख्य आरोपी ऋषभ उर्फ डांसर फरार था। वारदात के बाद ऋषभ लोकल बदमाशों के संपर्क में आया। वह बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी करने लगा। इस बीच लोकल पुलिस के अलावा एंटी नारकोटिक्स सेल व एएटीएस की टीम ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
इस बीच एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम को सूचना मिली कि ऋषभ सेक्टर-3 में आने वाला है। फौरन मौके पर ट्रैप लगा दिया गया। इस बीच आरोपी वहां पहुंचा। पुलिस टीम ने उसे सरेंडर करने के लिए कहा तो आरोपी ने गोली चला दी। एक गोली इंस्पेक्टर सुभाष के हाथ में लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश भी घायल हो गया। बाद में उसे काबू कर लिया गया।