गुरुग्राम के सरायअलावर्दी फाटक के पास सोमवार को देर रात अज्ञात लोगों ने एक युवक को गोली मारकर घायल करने का मामला सामने आया है। घायल युवक बिहार के शेखुपुरा जिले का बताया जा रहा है। जीआरपी पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तालाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार घटना रात एक बजे की है। घायल महिपाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ रात को शहर में घुमने निकला था। आते समय सरायअलावर्दी फाटक को पार करते ही उनकी गाड़ी ओवर हिट होने के बीच रास्ते में ही बंद हो गई। गाड़ी को ठीक करने के लिए वह रोड पर ही खड़े थे। कुछ समय के बाद गुरुग्राम की तरफ से काले रंग की एक सेंट्रो गाड़ी आई जिसमें पांच युवक सवार थे।
कार में सवार युवकों ने उनसे गाड़ी बीच रास्ते में खड़ी करने के बारे में पूछा और इसी बात को लेकर दोनों गुट के लोगों की कहासुनी हो गई। सेंट्रो कार में सवार एक युवक ने बिना सोचे समझे अपनी पिस्टल निकाली और महिपाल के पेट में गोली चला दी। गोली महिपाल के पेट में दाहिने तरफ लगी। आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक को साथ के लोगों ने अस्पताल में भर्ती करवाया जहां युवक की जान खतरे से बाहर बताई जा रही है।
युवक को गोली लगने के मामले में पुलिस 12 घंटे तक दो थानों सीमा विवाद में उलझी रही। बजघेडा थाना पुलिस जीआरपी का मामला बता रही थी और जीआरपी बजघेड़ा पुलिस का मामला बताती रही लेकिन दोपहर के बाद मामला जीआरपी का निकला। जीआरपी ने मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
जीआरपी एसएचओ महावीर सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए नजदीकी रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जाएगा। पुलिस को इस बात का अदांजा है कि आरोपी कहीं न कहीं रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज में जरूर कोई सुराग मिल सकता है।
पुलिस आरोपियों की तालाश में छापेमारी की जा रही है। घायल युवक के बयान पर अनजान लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
-महावीर सिंह, जीआरपी थाना, प्रभारी गुरुग्राम