शाहदरा जिले में रक्षा बंधन के दिन पत्नी से झगड़ा कर दो युवकों ने फांसी लगा ली। सीमापुरी इलाके में जितेंद्र कुमार (30) ने फांसी लगाने से पूर्व अपने दोस्त को कॉल कर इसकी सूचना दी। वहीं मानसरोवर पार्क इलाके में पत्नी से झगड़ा कर राजेश (27) ने अपनी ससुराल में ही फांसी लगा ली।
दोनों ही मामलों में पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ हुए हैं। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सीमापुरी मामले में मूलरूप से बिहार का रहने वाला जितेंद्र अपने चचेरे भाईयों के साथ किराए के मकान में रहता था। जितेंद्र के पांच-छह चचेरे भाई यहां रहते हैं। सभी इलाके की एक फैक्टरी में नौकरी करते हैं। सोमवार रात करीब 8.00 बजे जितेंद्र की पत्नी का फोन आया। किसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
इसी बात पर जितेंद्र नाराज हो गया। उसने अपने दोस्त को फोन किया और फैक्टरी जाकर आत्महत्या करने की बात की। इधर जितेंद्र के दोस्त ने उसके भाईयों को कॉल की। जब तक भाई वहां पहुंचे तब तक जितेंद्र फैक्टरी में फंदे से लटक चुका था। फंदे से उतारकर उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं मानसरोवर पार्क मामले में राजेश परिवार के साथ सी-ब्लॉक, संगम विहार में रहता था। सोमवार को रक्षा बंधन पर वह अपनी पत्नी को लेकर उसके मायके गली नंबर-6, हरदेवपुरी, एमएस पार्क आया था। पति-पत्नी के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद राजेश की पत्नी अपनी मां के साथ बुआ के घर चली गई।
इधर राजेश ने अपनी ससुराल में ही फांसी लगा ली। कुछ देर बाद पत्नी जब वहां पहुंची तो उसने पति को फंदे से लटके हुए देखा। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंच गई। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस दोनों मामलों में परिवारों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।