मोती नगर पुलिस ने बुजुर्ग महिला की हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने महिला की बहन के बेटे को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुलासा किया है कि आर्थिक तंगी से परेशान होने की वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की पहचान जहांगीरपुरी निवासी ललित चंदना (35) के रूप में हुई है। आरोपी के पास से पुलिस ने 5,500 रुपये, आर्टिफिशियल गहने और घड़ी बरामद की है। आरोपी नशे का आदी बताया जाता है।
जिला पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने बताया कि 31 अगस्त को मोती नगर में एक महिला की हत्या हुई थी। पुलिस ने पाया कि सुआ गोदकर हत्या की गई है। मृतका की पहचान प्रक्षिला डेविड के रूप में हुई। जांच में पता चला कि प्रक्षिला अपने बेटे मार्शल और बेटी मार्लेन के साथ रहती थी। दोनों बच्चे नौकरी करते हैं और प्रक्षिला घर में रहती थी।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को कब्जे में लिया। सीसीटीवी कैमरे में प्रक्षिला की बहन का बेटा ललित घटना से पहले प्रक्षिला के घर जाते हुए देखा गया था। ललित के बारे में पूछताछ करने पर मार्लेन ने बताया कि कुछ माह पहले ललित ने उससे रुपये उधार मांगे थे। उसने रुपये देने से मना कर दिया था। उसने बताया कि ललित नशे का आदी है और जहांगीरपुरी में रहता है।
इस खुलासे के बाद पुलिस ने ललित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो वह वारदात को अंजाम देने की बात से इनकार करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह साप्ताहिक बाजार में कपड़े बेचता था। उसने मार्लेन से रुपये मांगे थे, लेकिन उसने देने से इनकार कर दिया। रुपयों की जरूरत होने की वजह से उसने मौसी की हत्या कर घर में लूटपाट को अंजाम दिया।